धमतरी पुलिस की विशेष कार्यशाला में वैज्ञानिक विवेचना पर जोर, क्राइम सीन से साक्ष्य संकलन की दी गई ट्रेनिंग

धमतरी, 02 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में पुलिस विवेचना को अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों एवं विवेचकों के लिए एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अपराध की जांच के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों के महत्व, क्राइम सीन को सुरक्षित रखने और साक्ष्यों के सही तरीके से संकलन की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला का संचालन वैज्ञानिक अधिकारी वसीम अकरम ने किया। इसमें जिले के विभिन्न थाना और चौकी प्रभारी सहित विवेचना अधिकारी शामिल हुए। वैज्ञानिक अधिकारी ने Crime Scene Investigation के दौरान अपराध स्थल को तत्काल सुरक्षित करने, महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्यों के संरक्षण और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया समझाई।
अधिकारियों को बताया गया कि यदि किसी कारण से वैज्ञानिक अधिकारी तत्काल अपराध स्थल पर नहीं पहुंच पाते हैं, तो पुलिस टीम को साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए किन आवश्यक सावधानियों का पालन करना चाहिए। इस दौरान अपराध स्थल पर इस्तेमाल होने वाली आवश्यक सामग्री और उपकरणों के उपयोग तथा साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यशाला में डीएनए, रक्त, डायटम, आग्नेयास्त्र सहित विभिन्न वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच में उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही संदिग्धों की वैज्ञानिक पहचान, अपराध के कारण और वारदात के तरीके का निर्धारण करने में वैज्ञानिक जांच की भूमिका समझाई गई।
धमतरी जिले में पूर्व में सामने आए कुछ प्रकरणों का उदाहरण देते हुए अधिकारियों को बताया गया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के जरिए अपराध की वास्तविकता तक कैसे पहुंचा जा सकता है और आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य किस तरह जुटाए जा सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण और साक्ष्य-आधारित विवेचना करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक जांच को विवेचना का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाकर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई और प्रकरणों में अधिक से अधिक दोषसिद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाए।
कार्यशाला में उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव, वैज्ञानिक अधिकारी वसीम अकरम सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी और बड़ी संख्या में विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।




