Chhattisgarh

KORBA : संकट मोचन हनुमान मंदिर में धूमधाम से मनाया गया हरितालिका तीज उत्सव…

कोरबा,15 सितंबर। रविशंकर शुक्ला नगर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में हरितालिका तीज उत्सव श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य, सुखी दांपत्य जीवन और पति की दीर्घायु की कामना को लेकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर मनाए जाने वाले हरितालिका तीज पर्व के दौरान महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। उन्होंने बालू और मिट्टी से भगवान शिव एवं माता पार्वती की प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा की। महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान शिव और माता पार्वती से प्रार्थना की।

शाम के समय महिलाएं नए परिधान और पूर्ण श्रृंगार के साथ संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में एकत्र हुईं। यहां पंडित कांति कुमार दुबे ने हरितालिका तीज की कथा का वाचन किया। महिलाओं ने कथा श्रवण के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया। देर रात तक मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा।

व्रती महिलाओं ने रात्रि जागरण कर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की। इसके बाद सुबह पूजा-अर्चना पूर्ण होने पर स्थापित प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया गया। व्रत के समापन के बाद महिलाओं ने पारण कर हरितालिका तीज का कठिन निर्जला व्रत पूरा किया।

हरितालिका तीज केवल धार्मिक आस्था और परंपरा का पर्व नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति में पति-पत्नी के बीच प्रेम, समर्पण और पारिवारिक संबंधों की मजबूती का भी प्रतीक माना जाता है। संकट मोचन हनुमान मंदिर में आयोजित इस आयोजन ने श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।

Related Articles

Back to top button