रायपुर में घर के अंदर चल रहा था अवैध पटाखा बनाने का कारोबार, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार; कमरा सील

रायपुर, 01 नवंबर । दीपावली से पहले रायपुर में अवैध पटाखा निर्माण का मामला सामने आया है। गोलबाजार थाना क्षेत्र के गणेश राम नगर में एक पटाखा दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमार कार्रवाई की। टीम ने बड़ी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित पटाखों के साथ निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और संबंधित कमरे को सील कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति फटाका दुकान का संचालक दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में अन्य लोगों को बुलाकर दीपावली में बिक्री के लिए अवैध रूप से पटाखे तैयार करवा रहा है। सूचना पर एसडीएम कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी के कार्यालय की संयुक्त टीम ने गोलबाजार TI निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान कमरे में TOP TIGER नाम के पटाखे तैयार किए जाते पाए गए। मौके से पांच कार्टन तैयार पटाखे, बोरियों और कार्टन में रखे अर्धनिर्मित पटाखे तथा पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब्त सामग्री पटाखा निर्माण में प्रयुक्त होने वाली लो एक्सप्लोसिव श्रेणी की है।
इस मामले में पुलिस ने श्याम लाल ठाकुर (76 वर्ष), निवासी गणेश राम नगर, वर्तमान पता गांधी नगर, अमलीडीह और दीपक ठाकुर (57 वर्ष), निवासी कालीनगर, पंडरी, रायपुर के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9B(1)(a) और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 288 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घरों और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण न करें। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और दीपावली सुरक्षित तरीके से मनाई जा सके।




