Uttar Pradesh

शव लेकर पहुंचे थे अंतिम संस्कार करने, घाट पर छिड़ गई जंग…

अमरोहा,15 सितंबर: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में गंगा धाम तिगरी में अंतिम संस्कार करने आये दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले. इस दौरान मौके पर मौजूद सैकड़ों की भीड़ तमाशबीन बनी रही और ज्यादातर लोग वीडियो बनाते दिखाई पड़े. मारपीट में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने इस मामले में बयान जारी किया है. बताया जा रहा है कि अलग-अलग स्थानों से दो शवों के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए लोग आपस में भिड़ गए. कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.

मौजूद भीड़ ने बीच-बचाव करने के बजाय वीडियो बना लिया. फिलहाल घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.घटना रविवार शाम की है जहां गजरौला थाना क्षेत्र के तिगरी गंगा धाम में अंतिम संस्कार के लिए आए दो पक्षों में अचानक लाठी-डंडे चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना में पांच लोगों के चोट लगने की बात सामने आ रही है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अमरोहा पुलिस के मुताबिक, तिगरी घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में आपसी कहासुनी के बाद विवाद हुआ था. प्रकरण में थाना गजरौला पुलिस द्वारा वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.

मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है. वायरल वीडियो के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है.चश्मदीद ने बताया कि विवाद के दौरान अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई. आरोप है कि चिता से शव को हटाकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. कुछ लोगों ने तो चिता से लकड़ियां उठाकर एक दूसरे को पीटना शुरू कर दिया था. जिसके बाद मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. काफी देर तक श्मशान घाट पर हंगामे की स्थिति बनी रही.

Related Articles

Back to top button