Chhattisgarh

वेदांता पावर प्लांट हादसे पर गरमाई सियासत: एफआईआर की कॉपी मांगने डभरा थाने में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मामले में एफआईआर की कॉपी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस की जांच टीम ने आज डभरा थाने में धरने पर बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पारदर्शिता और न्याय की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि हादसा बेहद गंभीर है और इसमें प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब तक मामले में पूरी पारदर्शिता नहीं बरती गई है, जिससे पीड़ित परिवारों और आम लोगों में आक्रोश है। एफआईआर की कॉपी उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि यह अधिकार का मामला है।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए।

युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्थानीय प्रशासन पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button