Entertainment

‘लिफ्ट करा दे’ रिलीज करने के सख्त खिलाफ था रिकॉर्ड लेबल, कोमल नाहटा के गेम चेंजर्स: द म्यूज़िक सीरीज़ पर अदनान सामी ने किया खुलासा

मुंबई। कोमल नाहटा देश के सबसे जाने-माने ट्रेड एनालिस्ट में से एक हैं। जिन्होंने अपने पॉपुलर पॉडकास्ट गेम चेंजर्स: द म्यूज़िक सीरीज़ के नए सीज़न के साथ फिर से वापसी की है। इस नए सीजन में कई जाने माने सिंगर्स, कंपोज़र्स और म्यूज़िक मास्टर्स ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और कितने ही दिलचस्प किस्से और बाते साझा की हैं। उनके द्वारा साझा की गई बातों ने न सिर्फ उत्सुकता को बढ़ाया है बल्कि उनके क्रिएटिव सफर, गानों के पीछे छुपी अनकही कहानी से भी रूबरू कराया है। ऐसे ने इस एडिशन के लेटेस्ट एपिसोड में अदनान सामी ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

भारत के सबसे सम्मानित पद्म श्री पाने वाले सिंगर अदनान सामी देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में भी बड़ी फैन फॉलोइंग एंजॉय करते हैं। उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर सिर्फ सिंगर ही नहीं पियानिस्ट और कंपोज़र के तौर पर भी जाना जाता है, जो अपनी ज़बरदस्त वोकल रेंज और इंडियन क्लासिकल और वेस्टर्न पॉप म्यूज़िक के सिग्नेचर मिक्स के लिए एक अलग पहचान रखते हैं। ऐसे में, सिंगर ने शो पर अपने लिए इंडस्ट्री में गेम चेंजर साबित होने वाले गाने के बारे में बात की है, साथ ही बताया है कि कैसे उनके सबसे बड़े हिट्स में से एक ‘लिफ्ट करा दे’ लगभग नहीं बनने वाला था।

अदनान सामी कहते हैं, “‘लिफ्ट करा दे’ वो गाना था, जिसने मुझे असल में लोगों के बीच पहचान दिलाई। मेरा गाना हर जगह एंथम की तरह बज रहा था। मजेदार बात ये है कि उस समय रिकॉर्ड लेबल इस गाने को रिलीज़ करने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं था। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें इस गाने पर भरोसा नहीं था। उनका कहना था कि हमारे पास पहले से दो रोमांटिक गाने हैं और तीसरे गाने की बात आई तो वे एक और रोमांटिक गाना रखने के तरफ थे। मैंने ‘लिफ्ट करा दे’ चुना और उसपर उन्होंने कहा, ‘कहां बरसात और कहां कभी तो नजर मिलाओ और उनके सामने ये गाना कितना डाउनमार्केट है। रोमांटिक सिंगर के तौर पर आपकी इमेज बहुत सोफिस्टिकेटेड है।’”

अदनान सामी आगे कहा, “मैंने कहा, मुझे इस गाने में पोटेंशियल दिख रहा है। मैं किसी एक जॉनर तक खुद को बांधे नहीं रखना चाहता। मैं हर तरह के गाने गाना चाहता हूं। यह वो समय है जब मैं उस सोच को तोड़ना चाहता हूं, ताकि लोग मुझे किसी एक खास तरह के सिंगर की कैटेगरी में न रखें। छह महीने तक लगातार मनाने के बाद उन्होंने मुझे यह गाना करने की इजाजत दी। पूरा गाना बिना किसी बजट के बनाया गया था; पूरी शूटिंग बॉम्बे की सड़कों पर सुबह-सुबह बिना किसी परमिशन के गुरिल्ला शूटिंग की तरह की गई थी। उन्हें कोई गारंटी नहीं थी कि यह गाना चलेगा, और अचानक यह बहुत बड़ा हिट हो गया। इसके बाद वे मेरे पास इसका रीमिक्स बनाने के लिए वापस आए।”

कोमल नाहटा ‘गेम चेंजर्स सीज़न: द म्यूज़िक सीरीज़’ के साथ भारतीय सिनेमा से जुड़ी बातचीत को फिर से परिभाषित कर रहे हैं। ‘गेम चेंजर: द म्यूज़िक सीरीज़’ को देखने के लिए यूट्यूब चैनल पर ट्यून-इन करें!

Related Articles

Back to top button