रितेश सिधवानी ने बताया ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को बड़े पर्दे पर लाने का मकसद, फॉर्मेट में किया गया है नया एक्सपेरिमेंट

‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर रितेश सिधवानी ने बताया खास प्लान, कहानी को दिया गया है पूरा सिनेमाई ट्रीटमेंट
एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में से एक बन गई है और अनाउंसमेंट के बाद से ही इसे लेकर एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रहा है। भारत की सबसे बड़ी OTT फ्रेंचाइजी के लंबे समय से इंतजार किए जा रहे थिएट्रिकल ट्रांजिशन के साथ फिल्म पहली बार ‘मिर्जापुर’ की आइकॉनिक और लोगों की पसंदीदा दुनिया को बड़े पर्दे पर लेकर आएगी। फिल्म के धमाकेदार टीजर और ट्रेलर ने पहले ही फैंस के बीच एक्साइटमेंट को एक अलग लेवल पर पहुंचा दिया है।
हालांकि, इस पसंदीदा फ्रेंचाइजी को बड़े पर्दे पर लाना प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी के लिए आसान काम नहीं था। वह यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि थिएट्रिकल अडैप्टेशन ‘मिर्जापुर’ की असली फील और एसेंस के साथ बना रहे, साथ ही यह पूरे देश के दर्शकों के लिए बड़े पर्दे पर एक शानदार एक्सपीरियंस भी बने।
एक इंटरव्यू के दौरान जब प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी से पूछा गया, “आप ‘मिर्जापुर’ के तीन सीजन्स को तीन घंटे में समेट रहे हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ थिएटर में ऐसा क्या कर सकती है, जो एक सीरीज के तौर पर नहीं कर सकती थी?” इस पर उन्होंने कहा, “हम एक ऐसी IP को, जो सीरीज के तौर पर बनाई गई थी, उसे फीचर फिल्म में बदल रहे हैं। हमने कई बार इसका उल्टा होते देखा है, जहां फिल्मों को सीरीज में बदला जाता है। तो एक तरह से हम फिर से फॉर्मेट को तोड़ रहे हैं और कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे हैं। ‘मिर्जापुर’ की बहुत लॉयल फैन फॉलोइंग है और हम उन फैंस को थिएटर में कुछ नया एक्सपीरियंस देने जा रहे हैं। हम असल में उनसे कह रहे हैं, ‘आप इन किरदारों को पहले से पसंद करते हैं। अब आइए और इन्हें एक बिल्कुल अलग तरीके से एक्सपीरियंस कीजिए।’”
उन्होंने आगे कहा , “आइडिया यह था कि सीजन 1 के एक अनटोल्ड चैप्टर को, यानी दो या तीन एपिसोड के बीच की कहानी को बड़े पर्दे पर लाया जाए। हम मुन्ना भैया और कुछ ऐसे पसंदीदा किरदारों को भी वापस लाना चाहते थे, जो सीजन 3 तक कहानी में नहीं रहे थे। पहली चुनौती थी ऐसी कहानी बताना, जिससे बाद के सीजन्स की कहानी पर कोई असर न पड़े। दूसरी चुनौती यह सुनिश्चित करना था कि फिल्म सीरीज के तीन एपिसोड को जोड़कर बनाई गई फिल्म जैसी न लगे। इसे एक पूरी फिल्म की तरह काम करना था, जिसकी अपनी शुरुआत, बीच और अंत हो। इसका अपना मिडपॉइंट, इमोशनल जर्नी और पेऑफ होना जरूरी था, ताकि दर्शक इसे एक पूरी कहानी की तरह एंजॉय कर सकें और साथ ही सीजन 4, जो आगे आएगा, उस पर भी कोई असर न पड़े। हालांकि, अगर किसी ने सीरीज का कोई भी सीजन नहीं देखा है, तो वह भी इस फिल्म को एंजॉय कर सकेगा।”
अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, इसे पुनीत कृष्णा ने लिखा है और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म के को-प्रोड्यूसर कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




