Chhattisgarh

झमाझम बारिश के बीच डीएवी कुसमुंडा में खेल महोत्सव का महाकुंभ जारी

कोरबा। डीएवी पब्लिक स्कूल एसईसीएल कुसमुंडा में आयोजित खेल महोत्सव में झमाझम बारिश के बीच खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। महोत्सव के प्रथम दिवस विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ियों और टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में एनएमडीसी नगरनार की टीम विजेता रही, जबकि बालिका वर्ग में डीएवी मुख्यमंत्री स्कूल सारबहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका कबड्डी में डीएवी मुख्यमंत्री स्कूल बेमेतरा तथा बालक कबड्डी में डीएवी मुख्यमंत्री स्कूल विश्रामपुरी की टीम ने बाजी मारी।

इसी तरह बालिका हैंडबॉल और बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में डीएवी वसंत विहार, बिलासपुर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालक एवं बालिका दोनों वर्गों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, राजहरा की टीम विजेता रही।

खेल महोत्सव में इन स्पर्धाओं के अलावा तीरंदाजी, तैराकी, स्केटिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, योग, शतरंज और रस्सीकूद सहित अनेक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 99 डीएवी विद्यालयों के 1,110 खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया।

मेजबान डीएवी पब्लिक स्कूल एसईसीएल कुसमुंडा के प्राचार्य चंद्र मोहन पाण्डेय एवं एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button