रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, एक रात में 53 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 40 नशे में मिले

रायपुर, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में एक ही रात में 53 वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इनमें 40 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट द्वारा 25 अक्टूबर की रात डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर पुलिस टीमों ने वाहनों की जांच की। संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, जिसमें 40 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
जांच अभियान के दौरान कार, टाटा एस पिकअप, ई-रिक्शा, मेटाडोर और दोपहिया वाहनों सहित विभिन्न श्रेणियों के वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी।
यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने के कुल 4,132 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद नशे में वाहन चलाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। ऐसी स्थिति में टैक्सी, ऑटो या अन्य वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करें। आवश्यकता पड़ने पर किसी नशामुक्त और योग्य चालक की सहायता लें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक की जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




