रायपुर में जन्माष्टमी की रात प्लैटिनम बार में चोरी-छिपे बिक रही थी शराब, कांग्रेस नेता गिरफ्तार

रायपुर, 05 सितम्बर (वेदांत समाचार)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन की ओर से घोषित शुष्क दिवस के बावजूद शराब बिक्री का मामला सामने आया है। मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लैटिनम बार के संचालक पलाश मल्होत्रा को शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और बिक्री से प्राप्त नकदी जब्त की है। बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी जांच के दायरे में है और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रायपुर जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इस दौरान शराब की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध था। इसी बीच मौदहापारा पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बाहर बेची जा रही है। पुलिस को बार से संबंधित पूर्व में भी शिकायतें मिलने की जानकारी दी गई है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने बार की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। निगरानी के दौरान रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने शराब बिक्री की गतिविधि पकड़ ली। मौके पर बार संचालक पलाश मल्होत्रा, निवासी आदर्श स्कूल के पीछे, देवेंद्र नगर, रायपुर को शराब बेचते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल बरामद की, जिसकी कीमत करीब 1,150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 2,300 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक शराब और नकदी समेत कुल 3,450 रुपये की सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बार संचालक पलाश मल्होत्रा पूर्व में उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुका है। वर्तमान में वह प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस के पद का प्रत्याशी बताया जा रहा है। जन्माष्टमी के शुष्क दिवस पर उसके बार से शराब बिक्री का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका को भी संदेह के दायरे में लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बार से शराब बाहर निकालकर ग्राहकों तक पहुंचाने में सुरक्षा गार्ड की क्या भूमिका थी। उसके खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
मौदहापारा पुलिस ने शुष्क दिवस के आदेश का उल्लंघन करने के मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस की ओर से इस मामले में आबकारी विभाग को प्रतिवेदन भेजने की तैयारी की जा रही है। प्रतिवेदन में प्लैटिनम बार के लाइसेंस को निलंबित अथवा निरस्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। लाइसेंस के संबंध में अंतिम निर्णय आबकारी विभाग के स्तर पर लिया जाएगा।
जन्माष्टमी जैसे शुष्क दिवस पर शराब बिक्री का यह मामला सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर भी नजर रहेगी। पुलिस का कहना है कि शुष्क दिवस के दौरान शराब की अवैध बिक्री और नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।




