Chhattisgarh

राजधानी में दिनदहाड़े10 लाख की उठाईगिरी, कपड़ा कारोबारी के स्कूटी से नकदी लेकर फरार हुए बदमाश…. मचा हड़कंप

रायपुर, 10 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर में त्योहारी सीजन के बीच उठाईगिरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कटोरा तालाब के पास शातिर बदमाशों ने कपड़ा कारोबारी की स्कूटी से 10 लाख रुपये की नकदी पार कर दी। कारोबारी पान खाने के लिए स्कूटी खड़ी कर कुछ देर के लिए दूर गया था। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक कपड़ा कारोबारी किशोर बलवानी किसी काम से निकले थे। इसी दौरान वह कटोरा तालाब के पास पहुंचे और पान खाने के लिए अपनी स्कूटी खड़ी कर दी। स्कूटी में 10 लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। कारोबारी के स्कूटी से दूर जाते ही बदमाशों ने मौका देखकर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पान खाकर वापस लौटने पर कारोबारी को स्कूटी से रुपये गायब मिले। इतनी बड़ी रकम गायब होने से उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांच में सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान करने और वारदात के तरीके का पता लगाने पर मदद मिल सकती है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बदमाशों को कारोबारी के पास इतनी बड़ी रकम होने की जानकारी पहले से थी या उन्होंने अचानक मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।

नवरात्र के साथ ही दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में कारोबार और नकदी का लेनदेन बढ़ने लगा है। ऐसे समय में राजधानी के व्यस्त इलाके में 10 लाख रुपये की उठाईगिरी की घटना ने कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस चोरी गई रकम की बरामदगी और वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। आरोपितों की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button