वेल विशर फाउंडेशन ने चलाया नशा मुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ

जांजगीर चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के कटनई स्थित जी. डी. दीवान हायर सेकेंडरी स्कूल में वेल विशर फाउंडेशन द्वारा नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नशा मुक्ति रैली निकालकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी जय कुमार साहू, गायत्री परिवार के जिला प्रभारी महेश्वर कश्यप तथा मानव सेवा समिति के जिला अध्यक्ष रोहित पटेल अतिथि के रूप में शामिल हुए। अभियान की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और वेल विशर फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा नशा मुक्ति रैली निकालकर की गई। रैली गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान “हम सबने यह ठाना है, नशे को दूर भगाना है” और “नशा नाश है, जीवन का विनाश है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
रैली के बाद विद्यालय परिसर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने और अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने की अपील की। गायत्री परिवार के जिला प्रभारी महेश्वर कश्यप ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को नशामुक्त रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ दिलाई।
वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष आविनाश सिंह ने संस्था के सामाजिक कार्यों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। संस्था के सदस्य दीपक साहू ने ध्यान और योग को अपनाकर नशे से दूर रहने के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास नशे से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील भी की।
कार्यक्रम को मानव सेवा समिति के जिला अध्यक्ष रोहित पटेल और समाजसेवी मोहन कश्यप ने भी संबोधित किया। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की सामूहिक भागीदारी को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का संचालन वेल विशर फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा ने किया, जबकि विद्यालय के प्राचार्य आर. के. मार्बल ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता जी. पी. पाटले, अनिल इंग्ले, पुष्पा उइके, उमाशंकर मरकाम, पदमा पटेल, पार्वती साहू, एस. सुमनलता धीरही, व्यायाम शिक्षिका स्वर्णा तिवारी, लिपिक सत्यवती मीरी, भृत्य कमलेंद्र मरावी और हिमांशु सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। ग्राम के वरिष्ठ नागरिक चन्द्रिका कश्यप, महेंद्र कश्यप, नरेश राम, उमेश साहू और आकाश कंवर सहित फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। जनजागरूकता, शिक्षा, योग और सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।




