Chhattisgarh

म्यूल अकाउंट से 2.71 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा, साइबर ठगी मामले में तीन आरोपी दुर्ग से गिरफ्तार

सारंगढ़, 17 सितंबर। साइबर ठगी की रकम को म्यूल बैंक अकाउंट के माध्यम से ट्रांजेक्शन कराने के मामले में सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग जिले से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा मोबाइल फोन में APK फाइल डाउनलोड कराकर तथा सर्वर के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का अवैध ट्रांजेक्शन कराया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वर्ना कार, पांच मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और पासबुक जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक साइबर क्राइम पोर्टल से प्राप्त शिकायतों के तकनीकी विश्लेषण के दौरान एक बैंक खाते में संदिग्ध एवं अवैध लेनदेन सामने आया। जांच में यह खाता दिनेश बंजारे के नाम पर होना पाया गया। मामले में थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ में अपराध क्रमांक 323/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 317(5) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि दिनेश बंजारे ने अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक और मोबाइल सिम साइबर ठगी में संलिप्त लोगों को उपलब्ध कराया था। इसके बदले उसे कमीशन के रूप में राशि मिलने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। गृह मंत्रालय के साइबर क्राइम पोर्टल, समन्वय पोर्टल और विभिन्न साइबर शिकायतों के तकनीकी विश्लेषण में पाया गया कि उक्त बैंक खाते में एक वर्ष के दौरान 2 करोड़ 71 लाख 75 हजार 719 रुपये से अधिक का संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुआ। इस बैंक खाते से संबंधित देश के विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की 56 शिकायतें भी दर्ज पाई गईं।

मामले में पुलिस इससे पहले अनिल पटेल निवासी सकरतुंगा, दिनेश बंजारे और उत्तम बाई बंजारे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। विवेचना को आगे बढ़ाते हुए साइबर ठगी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने करीब 2,000 मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने 16 सितंबर को चन्द्रखुरी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग में दबिश दी।

पुलिस ने मौके से चेतन निषाद उर्फ भदरी उर्फ लक्की (23), निवासी ग्राम सोंडरा, थाना धरसींवा, हाल कोलिहापुरी, जिला दुर्ग, देवा श्रीकांत चन्द्राकर (31) निवासी चन्द्रखुरी, थाना पुलगांव तथा योगेन्द्र चन्द्राकर (32) निवासी चन्द्रखुरी, थाना पुलगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों द्वारा मोबाइल फोन में APK फाइल डाउनलोड कराने और सर्वर के माध्यम से अवैध ट्रांजेक्शन कराने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अनिल पटेल के साथ मिलकर दिनेश बंजारे के बैंक खाते में 2.71 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का ट्रांजेक्शन कराया और इसके एवज में कमीशन प्राप्त किया।

आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत की वर्ना कार क्रमांक CG-10-AQ-7723, करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के पांच मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड एवं पासबुक जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों को 16 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर उप जेल सारंगढ़ भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सारंगढ़ गोविन्द दीवान के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सारंगढ़ निरीक्षक प्रमोद यादव, सउनि प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक भंवर काटले, प्रधान आरक्षक सोनसाय यादव, आरक्षक विमल जांगड़े, पुरुषोत्तम राठौर तथा साइबर सेल के रामकुमार मानिकपुरी, दीपक मैत्री सहित थाना एवं साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button