Chhattisgarh

मुख्यमंत्री निवास में विराजे भगवान गणेश, परिवार के साथ सीएम साय ने की विधि-विधान से पूजा

रायपुर, 14 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने परिवारजनों के साथ विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश से छत्तीसगढ़ की जनता के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक और शुभता के प्रतीक हैं। भारतीय संस्कृति में किसी भी शुभ कार्य का प्रारंभ भगवान गणेश की आराधना से करने की प्राचीन परंपरा रही है। गणेशोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करने वाला उत्सव भी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा में तीज-त्योहारों और विभिन्न उत्सवों का विशेष महत्व है। हमारे पर्व और त्योहार लोगों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं। साथ ही ये पर्व परिवार और समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। गणेशोत्सव भी इसी सामूहिकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है। गणेश चतुर्थी का पर्व हमें सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सहयोग और लोकमंगल की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से गणेशोत्सव को श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री निवास में गणपति स्थापना के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह तथा मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button