Chhattisgarh

भूमिपूजन के एक सप्ताह बाद ही संजय नगर अंडरब्रिज का निर्माण बंद, खुदाई में मिली पाइपलाइन बनी बाधा

कोरबा, 17 अक्टूबर 2026। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित अंडरब्रिज का निर्माण कार्य भूमिपूजन के एक सप्ताह बाद ही रुक गया है। निर्माण स्थल पर मिट्टी की खुदाई के दौरान नगर निगम की मुख्य पाइपलाइन सामने आने से काम आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया है। पाइपलाइन की शिफ्टिंग नहीं होने के कारण ठेका कंपनी को फिलहाल निर्माण कार्य रोकना पड़ा है। रेलवे से आवश्यक मंजूरी मिलने में हुई देरी के चलते पाइपलाइन को समय पर स्थानांतरित नहीं किया जा सका।

संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज निर्माण के लिए दो वर्ष पहले जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से 30 करोड़ 97 लाख 89 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई थी। परियोजना में आधी राशि रेलवे द्वारा वहन की जानी है। निर्माण के लिए करीब एक वर्ष पहले 88 मकानों को मुआवजा देकर हटाया गया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण विभाग ने फरवरी 2025 में टेंडर प्रक्रिया शुरू की। दिसंबर में दर स्वीकृत होने के बाद रायपुर की शीला कंस्ट्रक्शन को 17.45 करोड़ रुपये में निर्माण का ठेका दिया गया। फरवरी में कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी किया गया था।

निर्माण शुरू करने से पहले सेतु निर्माण विभाग ने रेलवे को ड्राइंग और डिजाइन की मंजूरी के लिए भेजा था। इसकी स्वीकृति मिलने में करीब तीन महीने लग गए। दूसरी ओर, रेलवे क्रॉसिंग के आसपास से केबल और खंभे हटाने की प्रक्रिया भी निर्धारित समय तक पूरी नहीं हो सकी। नगर निगम की पाइपलाइन शिफ्टिंग का मामला भी लंबित रहा। संयुक्त सर्वे के बाद निगम ने ड्राइंग-डिजाइन और नौ लाख रुपये का डिमांड नोट मई में जमा कर दिया था, लेकिन रेलवे की मंजूरी मिलने में देरी हुई।

10 अक्टूबर को उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अंडरब्रिज निर्माण का भूमिपूजन किया था। इसके बाद ठेका कंपनी ने खुदाई शुरू की, लेकिन नीचे पाइपलाइन मिलने से काम रोकना पड़ा। संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग से पुराने शहर और सीतामढ़ी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति के लिए मुख्य पाइपलाइन गुजरती है। यहां से तीन दिशाओं में कनेक्शन भी जुड़े हैं। ऐसे में पाइपलाइन को बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए हटाने से आधे शहर की जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। पाइपलाइन शिफ्टिंग में करीब एक महीने का समय लग सकता है।

प्रस्तावित अंडरब्रिज की कुल लंबाई 490.50 मीटर और चौड़ाई 8.5 मीटर होगी। रेलवे लाइन के नीचे 25 मीटर लंबा बॉक्स बनाया जाएगा। सुनालिया चौक की ओर इसकी लंबाई 188.85 मीटर, जबकि रेलवे स्टेशन और पुरानी बस्ती कोतवाली की ओर 138.50-138.50 मीटर होगी। निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण विभाग की देखरेख में राइट्स द्वारा कराया जाना प्रस्तावित है।

सेतु निर्माण विभाग के एसडीओ एमएम ओहदार ने बताया कि खुदाई के दौरान पाइपलाइन मिलने से आगे का काम प्रभावित हुआ है। नगर निगम को पाइपलाइन शिफ्ट करने के लिए कहा गया है। वहीं, नगर निगम के ईई राकेश मसीह ने बताया कि पाइपलाइन शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रेलवे लाइन के नीचे से पाइपलाइन गुजरने के कारण यह काम रेलवे की देखरेख में किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button