Chhattisgarh

भारतीय वन सेवा के 9 अधिकारियों के तबादले, वन विभाग ने जारी किया आदेश

नवा रायपुर, 21 अगस्त। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने भारतीय वन सेवा (IFS) के नौ अधिकारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। 21 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को उनके नाम के सम्मुख दर्शाए गए नवीन पदों पर आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।

आदेश के अनुसार 2017 बैच के श्री सौरभ सिंह ठाकुर को गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, बैकुंठपुर के उप संचालक पद से हटाकर हाथी सरगुजा, अंबिकापुर के उप संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। 2018 बैच के श्री दिनेश कुमार पटेल को वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मोहला से उप संचालक अचानकमार टाइगर रिजर्व, लोरमी पदस्थ किया गया है।

2019 बैच के श्री गणेश यू.आर. को उप संचालक अचानकमार टाइगर रिजर्व, बिलासपुर से वनमंडल अधिकारी, अनुसंधान एवं विस्तार वनमंडल बिलासपुर बनाया गया है। उन्हें अचानकमार-अमरकंटक बायोस्फियर रिजर्व, बिलासपुर के संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

2021 बैच के श्री अभिनव कुमार को वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मुंगेली से वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मोहला पदस्थ किया गया है। 2022 बैच के श्री एस. नवीन कुमार को कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, जगदलपुर के संचालक पद से हटाकर वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), पश्चिम भानुप्रतापपुर की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह 2023 बैच के श्री गौतम पादीभर को उप वनमंडलाधिकारी, गौरेला वनमंडल, मरवाही से कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, जगदलपुर का संचालक बनाया गया है। सुश्री खेता कम्बोज को उप वनमंडलाधिकारी, अंबिकापुर वनमंडल से गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, बैकुंठपुर का उप संचालक बनाया गया है।

श्री सुमेध संजय सुरवणे को उप वनमंडलाधिकारी, सुकमा वनमंडल से इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर का उप संचालक तथा श्री तनमय कौशिक को उप वनमंडलाधिकारी, रायगढ़ वनमंडल से वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मुंगेली पदस्थ किया गया है।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सुश्री स्टेला मंडावी के पास वर्तमान में मौजूद कुछ अतिरिक्त प्रभार, श्री उत्तम कुमार गुप्ता के कार्यभार ग्रहण करने के बाद समाप्त हो जाएंगे।

देखें आदेश की कॉपी:

Related Articles

Back to top button