देवराम यादव का महासमुंद तबादला, गुलाब डड़सेना संभालेंगे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जनसंपर्क कार्यालय

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क संचालनालय ने विभाग में व्यापक फेरबदल करते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ प्रभारी जनसंपर्क अधिकारी एवं जन सूचना अधिकारी देवराम यादव का तबादला महासमुंद जिले में कर दिया है। वहीं रायगढ़ जिले में सहायक संचालक जनसंपर्क के पद पर पदस्थ गुलाब डड़सेना को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का जनसंपर्क अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला बनने के बाद से जिला जनसंपर्क कार्यालय अब तक मुख्य रूप से प्रभारियों के भरोसे संचालित होता रहा है। देवराम यादव भी यहां जन सूचना अधिकारी के साथ प्रभारी जनसंपर्क अधिकारी का दायित्व संभाल रहे थे। शासन द्वारा किए गए तबादलों के तहत अब उन्हें महासमुंद भेजा गया है, जबकि रायगढ़ में पदस्थ गुलाब डड़सेना को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला जनसंपर्क कार्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पत्रकारों से सीधा संवाद रहा कार्यशैली का हिस्सा
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लंबे समय तक जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले देवराम यादव अपनी व्यवहार कुशलता और कार्यशैली के चलते अधिकारियों के साथ-साथ पत्रकारों के बीच भी अलग पहचान बनाने में सफल रहे। जिला कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के साथ ही उन्होंने जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों के साथ लगातार सीधा संवाद बनाए रखा।
पत्रकारों की समस्याओं को सुनना और उनके साथ समन्वय बनाकर कार्य करना उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा रहा। उनके तबादले की जानकारी सामने आने के बाद जिले के पत्रकारों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए पत्रकार हित में किए गए कार्यों और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
पत्रकारों ने कहा कि देवराम यादव का कार्यकाल सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जनसंपर्क विभाग के लिए उल्लेखनीय रहा। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए महासमुंद में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।




