बिलासपुर में हेलमेट को लेकर पुलिस सख्त, यातायात नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई

बिलासपुर । जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर बिलासपुर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस द्वारा वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है, वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट केवल यातायात नियम का हिस्सा नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के दौरान जान बचाने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है। इसके बावजूद कई वाहन चालक बिना हेलमेट के सड़कों पर वाहन चलाते नजर आते हैं। ऐसे वाहन चालकों को रोककर हेलमेट पहनने के लिए समझाइश दी जा रही है।
बिलासपुर पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और यातायात की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाएं। यातायात नियमों का पालन कर न केवल चालानी कार्रवाई से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटना में गंभीर चोट और जान के जोखिम को भी कम किया जा सकता है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के पालन को लेकर निगरानी और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा की भावना विकसित करना है।




