Chhattisgarh

बस्तर में माओवाद लगभग समाप्त: IG पी. सुंदरराज का बड़ा दावा

जगदलपुर/बस्तर। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) पी. सुंदरराज ने माओवाद को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि क्षेत्र में माओवादी संगठन अब लगभग पूरी तरह समाप्त हो चुका है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की नीति तथा स्थानीय जनता की इच्छाशक्ति के अनुरूप सुरक्षाबलों द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप यह स्थिति बनी है।

IG सुंदरराज के अनुसार, वर्तमान समय में बस्तर संभाग में माओवादियों की संख्या बेहद सीमित रह गई है। अब केवल 5 से 6 माओवादी कैडर ही शेष हैं, जिनसे लगातार संपर्क स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन बचे हुए माओवादियों से अपील की जा रही है कि वे समय रहते हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो जाएं, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल बस्तर के किसी भी इलाके में माओवादी संगठन सक्रिय नहीं है और अधिकांश क्षेत्रों में संगठन पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। सुरक्षा बलों और प्रशासन की संयुक्त रणनीति से माओवाद के खिलाफ निर्णायक बढ़त हासिल की गई है।

IG ने यह भी कहा कि जो माओवादी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनके पुनर्वास के लिए सरकार की योजनाएं उपलब्ध हैं। वहीं, जो लोग हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button