Chhattisgarh

बस्तर में 2.38 करोड़ रुपये का गांजा जब्त, 3 नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार; ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे खेप

जगदलपुर, 05 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 476.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिग सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग के पिकअप वाहन क्रमांक CG 17 KL 0411 में गांजा भरकर ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही SP शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त SP सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास नाकेबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान एक लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पिकअप वाहन की पायलेटिंग करते हुए आते दिखाई दिए। उनके पीछे संदिग्ध पिकअप वाहन भी पहुंचा। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में रखी 15 बोरियों से कुल 476.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को बंडलों में पैक कर बोरियों में छिपाया था। पूछताछ में आरोपी गांजे के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

गिरफ्तार आरोपियों में भगवान पांगी (25), घासी खिलो (21), चित्रसेन गल्लोरी (22), रोहणी गल्लोरी (27) और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम कोंटामाड़ी, थाना कोरकोंडा, जिला मलकानगिरी (ओडिशा) के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने गांजे के अलावा पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नगद भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें 5 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में TI निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, पीएसआई अफसाना सहित बोधघाट थाना पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button