पामगढ़ में महिला से छेड़छाड़ और मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जान से मारने की भी दी थी धमकी

जांजगीर-चांपा, 05 नवंबर 2026। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 4 नवंबर 2026 की है। महिला घर से बाहर निकली थी, तभी आरोपी ने उसे बेइज्जत करने की नीयत से छेड़छाड़ की। इस दौरान आरोपी ने महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 486/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75, 76, 78, 296, 351(3) एवं 115(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए TI निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी रवि रत्नाकर, निवासी मुड़पार चु, थाना पामगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में TI निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, आरक्षक विनोद मनहर, सीताराम सूर्यवंशी और भुनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।




