Chhattisgarh

बलौदाबाजार में जिला अर्थशाला का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर कुलदीप शर्मा, किसानों और महिला समूहों को भी मिलेगा डिजिटल बैंकिंग का प्रशिक्षण

बलौदाबाजार, 17 जुलाई 2026। जिले में वित्तीय साक्षरता और डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित जिला अर्थशाला का शुक्रवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अब केवल विद्यार्थियों ही नहीं, बल्कि किसानों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को भी डिजिटल बैंकिंग और साइबर फ्रॉड से बचाव का नियमित प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में हर माह करीब 600 लोगों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल परिसर में संचालित जिला अर्थशाला का निरीक्षण करते हुए प्रभारी अधिकारियों और प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेनदेन का दायरा तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान भारती विद्या मंदिर, भाटापारा के कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से कलेक्टर ने आत्मीय संवाद किया। उन्होंने छात्रों से पूछा कि अर्थशाला में उन्हें डिजिटल बैंकिंग, साइबर फ्रॉड, शेयर बाजार, चालू और बचत खाते जैसी वित्तीय व्यवस्थाओं के बारे में क्या-क्या जानकारी मिली। साथ ही विद्यार्थियों को करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि वर्तमान समय डिजिटल बैंकिंग का युग है। इससे लोगों को अनेक सुविधाएं मिली हैं, लेकिन इसके साथ जोखिम भी बढ़े हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे यहां प्राप्त जानकारी अपने माता-पिता, परिवार के बुजुर्गों और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि वे ऑनलाइन ठगी और साइबर धोखाधड़ी से बच सकें।

उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण लेने आने वाले विद्यार्थियों को बैंकिंग, बीमा, शेयर बाजार, डिजिटल भुगतान और साइबर फ्रॉड से बचाव से संबंधित अध्ययन सामग्री एवं नोट्स भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे घर जाकर समय-समय पर इनका अध्ययन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी छात्र को किसी विषय में कोई शंका हो तो उसका समाधान तत्काल किया जाए।

प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न उत्पादों के ब्रांड चिन्हों की पहचान, नकली उत्पादों से बचाव, शेयर बाजार में निवेश करते समय बरती जाने वाली सावधानियों तथा डिजिटल वित्तीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। इसके अलावा प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के स्पोर्ट्स क्विज भी आयोजित किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि जिला अर्थशाला की शुरुआत 1 नवंबर 2025 को की गई थी। तब से अब तक लगभग 2,500 विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशासन का लक्ष्य आने वाले समय में इस पहल का विस्तार कर अधिक से अधिक ग्रामीणों, किसानों और महिला समूहों को इससे जोड़ना है।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button