पेंड्रा में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल: परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम, हत्या की आशंका जताई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 31 मई 2026। पेंड्रा क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद रविवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को पेंड्रा के व्यस्त दुर्गा चौक पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने पुलिस से मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की। कई घंटों तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मृतक की पहचान सुरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है, जो पेशे से बोरवेल मिस्त्री था। जानकारी के अनुसार उसकी लाश पेंड्रा के घसियापारा क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की।
परिजनों का आरोप है कि सुरेंद्र की मौत सामान्य हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। इसी मांग को लेकर वे शव को लेकर दुर्गा चौक पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए और चक्काजाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली चर्चा और समझाइश के बाद परिजन प्रदर्शन समाप्त करने और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए।
मृतक के भाई राजेंद्र कश्यप ने घटना को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि परिवार को शुरुआत में बताया गया था कि सुरेंद्र का शव नाली में मिला है, जबकि जिस स्थान से शव बरामद हुआ वहां कोई नाली मौजूद नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सुरेंद्र का शव एक आम के पेड़ के सहारे रखा हुआ था और उसकी मोटरसाइकिल शव से काफी दूरी पर खड़ी मिली।
परिजनों के अनुसार मृतक के काम में उपयोग होने वाले महत्वपूर्ण औजार, जिनमें पाना और पेचकस शामिल हैं, मौके से गायब थे। इसके अलावा उसका पर्स भी नहीं मिला। राजेंद्र कश्यप का कहना है कि जब सुरेंद्र की पत्नी ने उसके मोबाइल फोन पर कॉल किया तो फोन किसी अज्ञात व्यक्ति ने रिसीव किया, जिससे संदेह और गहरा गया। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिवार हत्या की आशंका जता रहा है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात पेंड्रा के सारथी मोहल्ला क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद थाना पेंड्रा में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था, लेकिन परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के कारण वे शव लेकर दुर्गा चौक पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।




