Chhattisgarh

पूर्व अपराधियों की थाने में परेड, अपराध से दूर रहने की दी समझाइश

सारंगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और पूर्व अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए पुलिस ने सोमवार को थाना सारंगढ़ में निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों, आदतन अपराधियों और पूर्व में विभिन्न अपराधों में संलिप्त रहे लोगों की परेड कराई। इस दौरान सारंगढ़ अनुविभाग के कोतवाली, कोसीर, केडार थाना एवं कनकबीरा चौकी क्षेत्र के कुल 19 अपराधी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल के निर्देशन में आयोजित इस निगरानी बैठक में पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को अपराध से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक जीवन-यापन करने की समझाइश दी। कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सारंगढ़ गोविंद दीवान, थाना प्रभारी कोतवाली प्रमोद यादव तथा चौकी प्रभारी कनकबीरा टीकाराम खटकर मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध का रास्ता व्यक्ति को न केवल कानून के कटघरे तक पहुंचाता है, बल्कि इससे उसका परिवार और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है। पूर्व में सजा काटकर लौटे लोगों को विशेष रूप से समझाइश दी गई कि वे पुरानी गतिविधियों से पूरी तरह दूरी बनाएं और मेहनत व ईमानदारी से रोजगार कर अपने तथा परिवार के बेहतर भविष्य के लिए प्रयास करें।

उन्हें गलत संगति से दूर रहने और अच्छे लोगों की संगति अपनाने की सलाह भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, इस तरह की परेड और निगरानी बैठक का उद्देश्य पूर्व अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ उन्हें अपराध का रास्ता छोड़कर समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।

Related Articles

Back to top button