पीएमएफएमई योजना में राष्ट्रीय सम्मान से जांजगीर-चांपा का बढ़ा गौरव, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संतोष शुक्ला को दी बधाई

जांजगीर-चांपा, 31 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के प्रभावी क्रियान्वयन और हितग्राहियों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित जांजगीर-चांपा जिले के डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन संतोष कुमार शुक्ला को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर महोबे ने पीएमएफएमई योजना के तहत हितग्राहियों को लगातार हैण्ड होल्डिंग सपोर्ट और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए संतोष शुक्ला के कार्यों की सराहना की। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएमएफएमई योजना के साथ-साथ अंत्यावसायी, खादी एवं ग्रामोद्योग, मुद्रा लोन सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार योजनाएं लोगों को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हितग्राहियों को योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, बैंकिंग और ऋण प्रक्रिया में भी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
उल्लेखनीय है कि संतोष कुमार शुक्ला को नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में 24 और 25 अगस्त 2026 को आयोजित पीएमएफएमई कॉन्क्लेव 2026 में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान द्वारा प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया था। छत्तीसगढ़ में पीएमएफएमई योजना के तहत सर्वाधिक हितग्राहियों को हैण्ड होल्डिंग सपोर्ट प्रदान करने और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है।




