पामगढ़ को विकास की बड़ी सौगात, 22.08 करोड़ से संवरेगा शिवरीनारायण–खैरताल मार्ग

- जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का जिलेवासियों की ओर से जताया आभार
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली बड़ी सौगात मिली है। शिवरीनारायण–खैरताल मार्ग के मजबूतीकरण एवं पुल-पुलियों सहित आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए 22.08 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अम्बेश जांगड़े ने जिलेवासियों की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री तथा वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
श्री जांगड़े ने कहा कि शिवरीनारायण–खैरताल मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके मजबूतीकरण और पुल-पुलियों के निर्माण से आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। इसका सीधा लाभ पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों सहित आसपास के क्षेत्रवासियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस स्वीकृति से क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना मजबूत होगी और व्यापार, कृषि तथा आवागमन से जुड़ी गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। भाजपा सरकार लगातार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है।
श्री अम्बेश जांगड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से जांजगीर-चांपा जिले में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। 22.08 करोड़ रुपये की यह स्वीकृति पामगढ़ सहित पूरे जिले के लिए महत्वपूर्ण विकास सौगात है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि मजबूत अधोसंरचना के माध्यम से विकास को गांव-गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने इस सौगात के लिए पुनः मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी का जिलेवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।




