Chhattisgarh

पक्के आवास ने एतवार दास की वर्षों पुरानी चिंता की दूर, बारिश में टपकती छत से मिली मुक्ति

रायपुर, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव सामने आ रहे हैं। सरगुजा जिले के जनपद पंचायत अम्बिकापुर अंतर्गत ग्राम रामपुर निवासी एतवार दास के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने बड़ा बदलाव लाया है। वर्षों तक कच्चे मकान में रहने के दौरान बारिश में छत टपकने की समस्या से परेशान रहने वाले एतवार दास को अब पक्के आवास के रूप में सुरक्षित आशियाना मिल गया है।

एतवार दास मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके पिता का पुराना मिट्टी का मकान समय के साथ जर्जर हो गया था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण परिवार को काफी परेशानी होती थी। घर के सामान को पानी से बचाने और मकान के भीतर पानी आने से रोकने के लिए बारिश के दौरान लगातार चिंता बनी रहती थी।

सीमित आमदनी के कारण एतवार दास के लिए नया पक्का मकान बनाना आसान नहीं था। दैनिक मजदूरी से होने वाली आय से परिवार की जरूरतें पूरी करना ही उनकी प्राथमिकता थी। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उनके लिए राहत लेकर आई। योजना के माध्यम से उनका पक्का आवास तैयार हुआ, जिससे परिवार को सुरक्षित और स्थायी आशियाना मिला।

एतवार दास ने बताया कि पहले कच्चे मकान में बारिश के दौरान काफी पानी चूता था और परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पक्का मकान मिलने के बाद बारिश में छत टपकने की चिंता नहीं रहती। उन्होंने कहा कि पक्के घर में परिवार के साथ रहकर उन्हें सुरक्षा और सुकून का एहसास हो रहा है।

एतवार दास के लिए यह पक्का मकान सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी परेशानी से मिली राहत का प्रतीक है। सुरक्षित आवास मिलने से परिवार को मौसम की मार से सुरक्षा मिली है और जीवन में स्थिरता आई है। एतवार दास ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उनके परिवार के पक्के घर के सपने को पूरा किया है।

Related Articles

Back to top button