न्यू राजेंद्र नगर में दो बुजुर्ग महिलाओं के शव मिलने से हड़कंप

नई दिल्ली। दिल्ली के केंद्रीय क्षेत्र न्यू राजेंद्र नगर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर दो बुजुर्ग महिलाओं के शव बरामद किए गए। दोनों महिलाओं की उम्र करीब 80 वर्ष बताई जा रही है। घटना आर ब्लॉक इलाके की है, जहां घर से तेज बदबू आने पर घरेलू सहायिका को शक हुआ और मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, घर में काम करने वाली मेड सुबह करीब 10:30 बजे सफाई के लिए पहुंची थी। उसने देखा कि घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद हैं और भीतर से बदबू आ रही है। इसके बाद उसने पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम जांच अधिकारी के साथ मौके पर पहुंची और घर के अंदर प्रवेश कर जांच शुरू की। पुलिस को घर के एक कमरे में दो बुजुर्ग महिलाएं बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं। बाद में एंबुलेंस टीम ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान चंद्रकांता (80) और सरोज बाला (80) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, एक महिला का शव बिस्तर पर जबकि दूसरी का शव फर्श पर पड़ा मिला। घर से तेज दुर्गंध आ रही थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह एक मंजिला मकान है, जिसमें चार एंट्री पॉइंट हैं। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की जबरन घुसपैठ, तोड़फोड़ या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों महिलाएं लंबे समय से एक साथ रह रही थीं। सरोज बाला अविवाहित थीं, जबकि चंद्रकांता उनकी रिश्तेदार थीं।
घटना की जांच के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।




