धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: परिवार बनकर गांजा तस्करी कर रहे गिरोह से 18.6 किलो गांजा बरामद, फरार आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

धमतरी, 12 जून 2026। धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए परिवार का रूप धारण कर गांजा तस्करी कर रहे अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना सिहावा पुलिस ने एक कार से 18 किलो 626 ग्राम गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए एक आरोपी को भी दिनभर की घेराबंदी और सघन तलाश के बाद पुनः गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिहावा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की अमेज कार क्रमांक MH-27-DT-0319 में अवैध गांजा भरकर ओडिशा के बोलांगीर और भवानीपटना क्षेत्र से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार थे, जिससे पहली नजर में यह सामान्य पारिवारिक यात्रा प्रतीत हो रही थी। लेकिन तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप में पैक 18 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कुल 18 किलो 626 ग्राम गांजा रखा हुआ था।
जब पुलिस ने आरोपियों से गांजा परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र में बेचने के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने मौके से बरामद गांजा, तस्करी में प्रयुक्त अमेज कार और तीन मोबाइल फोन सहित लगभग 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर ली। मामले में थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण रविन्द्र दुबे (34 वर्ष), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र, श्रीमती सोनू प्रवीण खैरकार (29 वर्ष), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र और पलाश गजभिए (32 वर्ष), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी पलाश गजभिए ने हथकड़ी ढीली कर पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की कोशिश की और अस्पताल परिसर से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही धमतरी पुलिस ने जिलेभर में हाई अलर्ट जारी कर व्यापक नाकाबंदी शुरू की।
विशेष टीमों, मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने पूरे दिन सघन तलाश अभियान चलाया। आखिरकार शाम तक फरार आरोपी पलाश गजभिए को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं तथा गांजा तस्करी का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि पिछले छह सप्ताह के दौरान जिले में गांजा तस्करी के विरुद्ध लगातार सात बड़ी कार्रवाई की जा चुकी हैं। हाल ही में सांकरा चेक पोस्ट, मेचका और अर्जुनी थाना क्षेत्रों में भी बड़ी मात्रा में गांजा और करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। विशेष रूप से 7 जून 2026 को थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा 490.818 किलोग्राम गांजा और लगभग 2.60 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई को जिले की पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सक्रिय पुलिसिंग के कारण अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को लगातार नुकसान पहुंच रहा है। धमतरी पुलिस भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इसी सख्ती के साथ अभियान जारी रखेगी।




