Chhattisgarh

तिलकेजा सहकारी समिति पहुंचे कलेक्टर, खाद-बीज की उपलब्धता परखी

0.किसानों से किया सीधा संवाद, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण

कोरबा, 4 जुलाई 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को करतला विकासखंड के तिलकेजा स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति का निरीक्षण कर किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने समिति प्रबंधन को किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रबंधक से खाद एवं बीज के वर्तमान स्टॉक, नैनो उर्वरकों के वितरण तथा समिति से जुड़े किसानों की संख्या सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए खाद-बीज की उपलब्धता निरंतर सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने समिति परिसर में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर खाद-बीज वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें कृषि आदान समय पर मिल रहे हैं या नहीं तथा किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है। किसानों ने बताया कि उन्हें बिना किसी परेशानी के समय पर खाद-बीज एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए किसानों से शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने आंवला का पौधा लगाकर अभियान में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button