Chhattisgarh

डीडी रोड पर प्लाई-ग्लास दुकान में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस की सुबह कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डीडी रोड स्थित प्लाईवाले बाय एसएसएआई ग्लास दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सीएसईबी ग्राउंड में तैनात दमकल वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मार्निंग वॉक पर निकले लोगों और राहगीरों ने डीडी रोड स्थित दुकान से धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में दुकान के बोर्ड और अंदर से आग की लपटें दिखाई देने लगीं। दुकान में प्लाई, ग्लास और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही दुकान संचालक ने दमकल विभाग को जानकारी दी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सीएसईबी ग्राउंड में पहले से तैनात दमकल वाहन को तत्काल डीडी रोड भेजा गया। इसके बाद एक और दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुकान के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सुबह के समय दुकान बंद होने के कारण अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। समय पर सूचना मिलने और दमकल वाहनों के तत्काल पहुंचने से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया।

आग की सूचना फैलते ही डीडी रोड पर बड़ी संख्या में राहगीर और आसपास के दुकानदार एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आग से दुकान में रखे प्लाई, ग्लास, फर्नीचर और अन्य सामान के नुकसान की आशंका है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Related Articles

Back to top button