बलौदाबाजार: सुकली गांव में महिला और दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी, जहर सेवन की आशंका

- पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की बात आई सामने, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
बलौदाबाजार, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के गिरौदपुरी चौकी अंतर्गत ग्राम सुकली में एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार 20 नवंबर 2026 की सुबह करीब 4 बजे पुलिस को तीनों की मृत्यु होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही गिरौदपुरी चौकी पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), पति संजय मानिकपुरी, उसके बेटे चिरंजीव मानिकपुरी (10 वर्ष) और करीब 5 वर्षीय दिव्यांश मानिकपुरी के रूप में हुई है। तीनों के शव घर के एक कमरे में मिले। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया जहर सेवन से आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मृतिका के परिजनों और अन्य गवाहों से पूछताछ के दौरान महिला और उसके पति के बीच पारिवारिक कलह की बात भी सामने आई है। हालांकि, तीनों की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले में ग्राम सुकली निवासी चैनदास मानिकपुरी (50 वर्ष) की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।




