Chhattisgarh

टेहका के सूकर फार्म में अफ्रीकन स्वाइन फीवर की पुष्टि, 10 किमी क्षेत्र सर्विलेंस जोन घोषित

बलौदाबाजार, 17 सितंबर 2026। विकासखंड भाटापारा के ग्राम टेहका स्थित सूकर फार्म में सूअरों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (ASF) की पुष्टि हुई है। एनआईएचएसएडी भोपाल से प्राप्त जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए प्रभावित क्षेत्र और आसपास के गांवों में प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के आदेश के अनुसार सूकर फार्म के आसपास 2 किलोमीटर की परिधि को इन्फेक्टेड जोन तथा 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र को सर्विलेंस जोन घोषित किया गया है। यह व्यवस्था छह माह की अवधि के लिए प्रभावी रहेगी। सर्विलेंस जोन की परिधि में लगभग 24 गांव शामिल हैं।

इन्फेक्टेड जोन में सूकरों और सूकर उत्पादन से संबंधित सामग्री की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं सर्विलेंस जोन में सूकरों से संबंधित बाजार और दुकानें पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पशुओं में संक्रामक रोगों का नियंत्रण अधिनियम, 2009 तथा अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अफ्रीकन स्वाइन फीवर की स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) को सक्रिय किया गया है। राज्य स्तरीय रोग अन्वेषण प्रयोगशाला की टीम के निर्देशानुसार आरआरटी द्वारा संक्रमित क्षेत्र में निर्धारित एसओपी के तहत सूकरों की कलिंग, दफन एवं डिस्पोजल तथा सैनिटाइजेशन की कार्रवाई की गई है।

आरआरटी ने लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि अफ्रीकन स्वाइन फीवर एक विषाणुजनित रोग है, जो सूकरों में अत्यधिक संक्रामक होता है। यह रोग सूकरों से मनुष्यों में नहीं फैलता है। हालांकि संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन द्वारा निर्धारित सावधानियों और प्रतिबंधों का पालन करना आवश्यक है।

आपात स्थिति या अफ्रीकन स्वाइन फीवर से संबंधित जानकारी के लिए बलौदाबाजार जिला कंट्रोल रूम एवं रैपिड रिस्पॉन्स टीम की नोडल अधिकारी डॉ. वर्षा शर्मा से मोबाइल नंबर 9826650630 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन द्वारा संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रभावित क्षेत्र में निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button