Chhattisgarh

जांजगीर में सामूहिक रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन

जांजगीर, 23 अगस्त। ब्राह्मण नारी नवचेतना मंच, जांजगीर के तत्वावधान में सावन मास के पावन अवसर पर रविवार को प्रसिद्ध भीमा तालाब परिसर में सामूहिक रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत इस आयोजन में द्वादश ज्योतिर्लिंग के स्वरूप में 12 पार्थिव शिवलिंगों की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

आचार्य पं. राजकुमार मिश्र एवं पं. सतीश मिश्र के आचार्यत्व में रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में ब्राह्मण नारी नवचेतना मंच से जुड़े परिवारों के साथ करीब 36 परिवारों ने शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।

रुद्राभिषेक के दौरान पूरे परिसर में भगवान शिव के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। पूजा-अर्चना और आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें खीर, पूरी सहित अन्य प्रसाद का वितरण किया गया।

मंच की बहनों ने बताया कि बालको राम मंदिर में आयोजित धार्मिक आयोजनों की तर्ज पर जांजगीर में भी महिलाओं के माध्यम से सामूहिक रुद्राभिषेक जैसे धार्मिक आयोजनों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। आयोजन में सहयोग देने वाले सभी परिवारों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।

हर-हर महादेव।

Related Articles

Back to top button