Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में नाबालिग वाहन चालकों पर पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 21 पर कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 4 अगस्त। सड़क सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाते हुए जिले में नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक ही दिन में 21 नाबालिगों को वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 25 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। साथ ही उनके अभिभावकों को भविष्य में नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की सख्त समझाइश दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में यातायात पुलिस के साथ अकलतरा और बलौदा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूलों के आसपास तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच की।

जांच के दौरान अकलतरा क्षेत्र में 7, बलौदा में 10 तथा यातायात पुलिस द्वारा 4 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए। सभी मामलों में नियमानुसार मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए समन शुल्क वसूला गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनकी और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाएं।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान में यातायात पुलिस के साथ अकलतरा थाना प्रभारी जयकुमार साहू तथा बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button