जांजगीर-चांपा: नकली नोट से शराब खरीदने पहुंचा युवक गिरफ्तार, अकलतरा पुलिस ने 500 रुपये के चार फर्जी नोट किए जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी देशी शराब दुकान में ₹500 के नकली नोट देकर शराब खरीदने पहुंचा था, लेकिन सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी के कब्जे से ₹500 के चार नकली नोट बरामद किए गए, जिनकी जांच में सभी नोट फर्जी पाए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान से सूचना मिली कि एक युवक ₹500 का संदिग्ध नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष) निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से ₹500 के चार संदिग्ध नोट बरामद हुए।
बरामद नोटों की तत्काल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अकलतरा शाखा में जांच कराई गई, जहां सभी चारों नोट नकली पाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चारों नोटों का सीरियल नंबर एक ही था, जिससे इनके फर्जी होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था और उन्हें शराब दुकान में चलाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 180 के तहत कार्रवाई की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक कमलदास बैनर्जी, प्रधान आरक्षक शरीफ खान, आरक्षक वाल्मीकि राठौर तथा आरक्षक महेंद्र राज की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी पुलिस विभाग ने सराहना की।




