Bihar

जनरेशन कंपनी के एमडी एस.के. कटियार का कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक बढ़ा

रायपुर, 30 सितम्बर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार के कार्यकाल में राज्य शासन ने पुन: वृद्धि की है। ऊर्जा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब उनका कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक रहेगा।

एस.के. कटियार के कार्यकाल के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी ने उत्पादन क्षमता और संयंत्रों की कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में एबीवीटीपीएस मारवा के प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) में उल्लेखनीय सुधार हुआ। पीएलएफ को 49 प्रतिशत से बढ़ाकर 84.4 प्रतिशत किया गया। इसके परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी 33 राज्य जनित निगमों में प्रथम स्थान पर रही।

इसी तरह कोरबा पश्चिम ताप विद्युत संयंत्र में जटिल स्टेशन कंट्रोल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन सिस्टम के नवीनीकरण का कार्य महज 46 दिनों में पूरा किया गया। इस कार्य को संयंत्र की संचालन क्षमता और विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक एस.के. कटियार प्रमाणित ऊर्जा लेखा परीक्षक हैं। उन्होंने प्रबंधन में डिप्लोमा भी प्राप्त किया है। कंपनी के अनुसार उनकी कार्यशैली में स्पष्ट दिशा-निर्देश, टीम को प्रेरित करना तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए सशक्त बनाना प्रमुख रूप से शामिल है।

कार्यकाल में वृद्धि के बाद एस.के. कटियार 31 मार्च 2027 तक छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

Related Articles

Back to top button