Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में टमाटर से भरी पिकअप पलटी, सड़क पर बिखरे टमाटर लूटने ग्रामीणों में मची होड़, चालक मौके से फरार

बलरामपुर, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में नेशनल हाईवे-343 पर टमाटर से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद पिकअप में लदे टमाटर सड़क पर बिखर गए। टमाटर बिखरते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्हें उठाने की होड़ मच गई। यह घटना बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के अधौरा गांव के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन अंबिकापुर से टमाटर लोड कर झारखंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे-343 पर अधौरा गांव के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके चलते पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वाहन में रखे टमाटर सड़क और आसपास बिखर गए।

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सड़क पर बड़ी मात्रा में टमाटर बिखरे देखकर ग्रामीण उन्हें समेटने लगे। देखते ही देखते टमाटर उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन और सड़क पर बिखरे टमाटर के कारण घटनास्थल पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, चालक के फरार होने की वजह और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। वाहन की रफ्तार अधिक थी या किसी तकनीकी खराबी के कारण हादसा हुआ, यह स्पष्ट नहीं है। फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के संबंध में पुलिस की कार्रवाई और अन्य विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

Related Articles

Back to top button