Chhattisgarh

छत्तीसगढ़: अगले 48 घंटे मध्य और उत्तर में भारी बारिश का अलर्ट, बिलासपुर में 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बने लो प्रेशर एरिया से प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। इसी वजह से पिछले 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

बारिश का सबसे ज्यादा असर बिलासपुर में देखने को मिला। यहां 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बने हैं। लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर कई जगह 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। सरकंडा के लिंगियाडीह में तेज बहाव में बहने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाद में उसका शव झाड़ियों में मिला।

कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण इस रास्ते को भी एहतियातन बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

शहर के श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स समेत कई इलाकों की सड़कें और घर पानी में डूब गए। हालात को देखते हुए बिलासपुर जिले के स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित की गई। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से 5 मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 3 ट्रेनों के रूट बदल दिए गए।

रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?

रायपुर में आज (शनिवार) दिनभर बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अगले 48 घंटे क्यों हैं अहम?

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर बना रहेगा। कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। जिन जिलों में पहले से अच्छी बारिश हो चुकी है, वहां निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नदी-नालों में उफान और सड़कों पर आवाजाही में दिक्कत आ सकती है।

Related Articles

Back to top button