Chhattisgarh

चांपा रेलवे स्टेशन पर चला सघन टिकट जांच अभियान, 264 यात्रियों से वसूला गया 1.62 लाख रुपये जुर्माना

जांजगीर-चांपा, 31 मई 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में चांपा रेलवे स्टेशन पर विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाकर 17 ट्रेनों की जांच की गई। अभियान के दौरान बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वाले 264 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 62 हजार 565 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभियान टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने और बिना टिकट यात्रा करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संयुक्त रूप से स्टेशन और ट्रेनों में व्यापक जांच की।

31 मई को चांपा स्टेशन पर आयोजित इस विशेष अभियान का संचालन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में किया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) और आरपीएफ की टीम शामिल रही।

जांच के दौरान चांपा स्टेशन से होकर गुजरने वाली 17 ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। कार्रवाई में कुल 264 मामले सामने आए। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 192 यात्रियों से 1 लाख 28 हजार 835 रुपये, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 61 यात्रियों से 32 हजार 630 रुपये तथा बिना बुक कराए सामान लेकर यात्रा करने वाले 11 यात्रियों से 1 हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैध टिकट अवश्य खरीदें और रेलवे नियमों का पालन करें। बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को एक और बड़ा झटका दिया है। चांपा स्टेशन में चौथी रेललाइन जोड़ने के लिए किए जा रहे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य के कारण रेलवे प्रशासन ने छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 74 ट्रेनों को विभिन्न तिथियों में रद्द करने का फैसला लिया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार चौथी रेललाइन कनेक्टिविटी का कार्य 7 जून से 19 जून 2026 के बीच किया जाएगा। इस दौरान कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। गर्मी की छुट्टियों और यात्रा सीजन के बीच ट्रेनों के रद्द होने से छत्तीसगढ़ के अलावा पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों के लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि चौथी रेललाइन का निर्माण कार्य भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही को और अधिक सुगम बनाने तथा रेल यातायात क्षमता बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। हालांकि फिलहाल ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करनी पड़ सकती है।

Related Articles

Back to top button