कोरबा: शिक्षक के दिव्यांग बेटे का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, आत्महत्या की आशंका

कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खम्हरिया वैशाली नगर स्थित प्राथमिक स्कूल के शिक्षक के 30 वर्षीय दिव्यांग पुत्र का शव दो टुकड़ों में रेलवे पटरी पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
यह घटना सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत 4 नंबर कुसमुंडा खदान गेट के पास की है। सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का कटा हुआ शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सर्वमंगला पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त खगेश उर्फ पिंटू बैरागी उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में की। वह विकास नगर एमडी कॉलोनी का निवासी था।
मृतक खम्हरिया वैशाली नगर स्थित प्राथमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक पुरुषोत्तम बैरागी का बेटा था। परिजनों ने बताया कि खगेश जन्म से ही बोल नहीं सकता था। वह सोमवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा।
सूचना मिलने पर शिक्षक पुरुषोत्तम बैरागी और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि खगेश सुबह से घर से निकला था, लेकिन कहां गया इसकी जानकारी किसी को नहीं थी।
सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी ने बताया कि परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।




