सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान: देर रात गुंडों और निगरानी बदमाशों के घर पहुंची पुलिस, अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी

कोरबा। जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत देर रात गुंडों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित बदमाशों के घर पहुंचकर सघन सत्यापन और चेकिंग की तथा उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।

पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत उन व्यक्तियों का विशेष रूप से सत्यापन किया गया, जिनके जिला बदर किए जाने के लिए वर्ष 2024, 2025 और 2026 में जिला दंडाधिकारी को प्रतिवेदन भेजे जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों ने उनके वर्तमान निवास, गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित गुंडों और निगरानी बदमाशों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा किसी भी प्रकार के अपराध में शामिल पाए गए या जिले की कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया, तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने उन्हें समाज में शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करने और अपराध से पूरी तरह दूर रहने की हिदायत भी दी।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में सक्रिय असामाजिक और आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे तत्वों के विरुद्ध नियमित रूप से सत्यापन, निगरानी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में रह सकें।
पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराधियों में कानून का भय पैदा करना, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। इसी रणनीति के तहत आने वाले दिनों में भी जिलेभर में इस तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
कोरबा पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध करने वालों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है। कानून का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




