कोरबा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 फल दुकानों से सड़े-गले फल जब्त कर नष्ट

कोरबा। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्ता युक्त फल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बुधवार को कोरबा शहर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुराना बस स्टैंड, पावर हाउस रोड और बुधवारी बाजार क्षेत्र की फल दुकानों में निरीक्षण कर सड़े-गले और खराब फलों को नष्ट कराया गया।
कार्रवाई के दौरान राजा फ्रूट सेंटर, राजेश फ्रूट सेंटर, शारदा फ्रूट सेंटर, सर्वमंगला फ्रूट सेंटर सहित कुल 11 फल विक्रेताओं की दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण में कई दुकानों में खराब फल पाए जाने पर अधिकारियों ने मौके पर ही करीब 10 किलो आम और 4 दर्जन केले नष्ट करवाए। साथ ही दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और ताजे फल ही बेचने के निर्देश दिए गए।
यह विशेष अभियान 27 मई से 29 मई 2026 तक पूरे छत्तीसगढ़ में आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन श्री दीपक अग्रवाल के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.के. तिवारी, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूजा साहू एवं विभागीय टीम मौजूद रही।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खराब एवं सड़े-गले फल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं, इसलिए ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम नागरिकों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता जांचने और शिकायत मिलने पर विभाग को सूचना देने की अपील की है।
वर्जन — खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.के. तिवारी
“आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर जिले में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्ता पूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। खराब फल बेचने वाले व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी गई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।”




