Chhattisgarh

कोरबा में कोयला चोरी का बड़ा खुलासा: ओवरलोडिंग की आड़ में चल रहा था खेल, 6 आरोपी गिरफ्तार, 215 टन कोयला जब्त

कोरबा, 02 मई 2026। जिले के दीपका क्षेत्र में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। ओवरलोडिंग की आड़ में खदान से कोयला चोरी कर अवैध रूप से परिवहन करने वाले इस गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कोयला और चोरी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, दीपका थाना क्षेत्र में 30 अप्रैल 2026 की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दीपका खदान से तीन ट्रेलरों में चोरी का कोयला ओवरलोड कर बिलासपुर की ओर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सिरकी मोड़ के पास घेराबंदी कर तीनों ट्रेलरों को पकड़ा। जांच में पाया गया कि इन वाहनों में करीब 57 टन कोयला अवैध रूप से लोड किया गया था।

इस मामले में दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद पटेल ने बताया कि थाना में अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत धारा 303(2) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने गिरोह से जुड़े कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कोयला लोडिंग कराने वाला, ट्रांसपोर्टर, खरीददार और वाहन चालक शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में रौनक गुप्ता (27) निवासी दीपका, सरफराज खान उर्फ पम्मी (43) निवासी सुभाष नगर दीपका, मुकेश चौधरी (28) निवासी गढ़वा (झारखंड), सुजीत सिंह (28) निवासी सिवान (बिहार) हाल मुकाम दीपका, मुबारक खान (20) निवासी सीधी (मध्यप्रदेश) और अर्जुन बंसल (20) निवासी बैकुण्डपुर (कोरिया) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 215 टन कोयला जब्त किया है। साथ ही चोरी में प्रयुक्त तीन ट्रेलर (CG 10 BX 0792, CG 10 BX 8288, CG 10 BY 8288) और एक पेलोडर मशीन (CG 07 CS 2199) को भी जब्त किया गया है।

पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से ओवरलोडिंग के नाम पर खदान से कोयला निकालकर अवैध रूप से दूसरे जिलों में सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले में जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

कोरबा पुलिस की इस कार्रवाई को कोयला चोरी पर बड़ी रोक के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Related Articles

Back to top button