Chhattisgarh

कोरबा में ACB ग्रुप के खिलाफ धरना, 3 नवंबर को अमित शाह को काले झंडे दिखाने का ऐलान

कोरबा, 30 अक्टूबर। ACB ग्रुप की कोलवाशरियों, पावर प्लांटों, कोयला लिंकेज और प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनाधिकार पार्टी ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी ने कलेक्टर के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपकर स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच, CBI जांच और संयुक्त विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की।

पार्टी अध्यक्ष दीपक दुबे ने कोयला लिंकेज, रिजेक्ट कोल, मिडलिंग्स और पावर प्लांटों में कोयले की वास्तविक खपत की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोलवाशरियों और पावर प्लांटों के रिकॉर्ड का मिलान कर कोयले के संपूर्ण लेखांकन का स्वतंत्र ऑडिट कराया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने जल एवं वायु प्रदूषण, फ्लाई ऐश प्रबंधन और SECL से संबंधित शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रवक्ता कृष्णा टंडन ने संबंधित औद्योगिक इकाइयों के रिकॉर्ड की फोरेंसिक जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश उपाध्यक्ष विन्देश सिंह राठौर और प्रदेश सचिव मुकेश भारतीय ने घोषणा की कि 3 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित रायपुर आगमन पर काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम लंबित जनहित शिकायतों पर कार्रवाई की मांग को केंद्र सरकार तक पहुंचाने के लिए उठाया जा रहा है।

धरने में कमल साव, संजय रत्नाकर, शैलेन्द्र गोपाल, दिनेश यादव, सूरजभान दास बैरागी, हेमंत पैगवार और कृष्णा टंडन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button