Chhattisgarh

कोरबा में 4 सितंबर को धूमधाम से मनेगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, सप्तदेव मंदिर में सजेगी आकर्षक चलायमान झांकियां

कोरबा। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। जन्माष्टमी उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक चलायमान झांकियां तैयार की जा रही हैं।

मंदिर परिसर में बनाए जा रहे विशाल पंडालों में मूर्तिकार भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत स्वरूप देने में जुटे हुए हैं। झांकियों में भगवान श्रीकृष्ण का कारागार में जन्म, वासुदेव जी द्वारा श्रीकृष्ण को यमुना नदी पार कर गोकुल ले जाना, बकासुर वध, कालियानाग मर्दन और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर धारण करने जैसे प्रसंग प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

इन मनोहारी चलायमान झांकियों का दर्शन श्रद्धालु 4 सितंबर को शाम 6 बजे से रात 12.30 बजे तक कर सकेंगे। झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन चरित्र को करीब से जानने और धार्मिक प्रसंगों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर स्थित आदर्श सेवा केंद्र में पूजन सामग्री उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही रामदेव बाबा के आश्रम में निर्मित विभिन्न उपयोगी सामग्री तथा गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित धार्मिक और आध्यात्मिक पुस्तकें भी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेंगी।

उत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मंदिर परिसर में ‘लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता’ आयोजित होगी। वहीं 4 सितंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक 0 से 10 वर्ष तक के बच्चों के लिए ‘श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा।

जन्माष्टमी की पूर्व संध्या और उत्सव के दौरान भजन-कीर्तन का विशेष आयोजन होगा। शुभम गोयल द्वारा शाम 8 बजे से रात 11 बजे तक भजनों की मनोहारी प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य आतिशबाजी की जाएगी और श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार ने श्रद्धालुओं और भक्तजनों से 4 सितंबर को श्री सप्तदेव मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव सहित सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागी बनने की अपील की है। मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर उत्सव में शामिल होने और पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button