रायपुर में बेकरी की गंदगी पर निगम की बड़ी कार्रवाई, चांद बेकरी और भाठागांव शराब दुकान अहाता पर 20 हजार का जुर्माना

रायपुर, 27 नवंबर 2026। शहर में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। गंदगी से संबंधित जनशिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर निगम जोन क्रमांक 6 की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो स्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भारी गंदगी मिलने पर चांद बेकरी और भाठागांव शराब दुकान अहाता के संचालकों पर 10-10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।
पहली कार्रवाई चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 60 के अयोध्या नगर स्थित चांद बेकरी में की गई। बेकरी में गंदगी की शिकायत मिलने पर जोन 6 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में भारी गंदगी और स्वच्छता का अभाव पाया गया। इस पर शिकायत सही मिलने के बाद बेकरी संचालक पर तत्काल 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। साथ ही भविष्य में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। दोबारा लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इसी तरह भाठागांव स्थित शराब दुकान के अहाता में गंदगी की शिकायत पर निगम की टीम ने औचक निरीक्षण किया। यहां भी भारी मात्रा में कचरा और गंदगी मिलने पर संबंधित अहाता संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई। जोन कमिश्नर के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने संचालक पर 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया और भविष्य में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगर निगम जोन 6 स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मामलों में जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जुर्माना लगाया। निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




