कोरबा को सफाई कर्मचारियों के कल्याण में मॉडल जिला बनाने की तैयारी, आयोग ने दिए निर्देश

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष कैशब बिहारी ने ली बैठक, वेतन, बीमा, स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
कोरबा, 10 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, भारत सरकार के उपाध्यक्ष कैशब बिहारी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला प्रशासन, सार्वजनिक उपक्रमों और सफाई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा, उचित वेतन और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की महत्वपूर्ण सेवा करते हैं। उन्हें सम्मानजनक जीवन और समान अवसर उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।
कैशब बिहारी ने निजी संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों और नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की सूची तैयार कर उनके वेतन, बीमा और स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच करने को कहा। उन्होंने कर्मचारियों और उनके परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ पेयजल तथा श्रम एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही कर्मचारियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
उन्होंने कहा कि कोरबा में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ), सार्वजनिक उपक्रमों के सीएसआर और विभिन्न विभागों के सहयोग से सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए समन्वित कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि कोरबा दूसरे जिलों के लिए मॉडल बन सके।
बैठक में सफाई कर्मचारी संगठनों ने वेतन, बोनस, मुआवजे और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाईं। एनटीपीसी में सफाई कर्मचारियों को कम वेतन दिए जाने की शिकायतों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम कोरबा ने बताया कि सफाई टैंक में हुई मृत्यु के मुआवजा प्रकरण में शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजा गया है।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने बताया कि निगम क्षेत्र में सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई मशीनों से कराई जाती है। सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है तथा उन्हें आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जा रहा है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आयोग के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने और सफाई कर्मचारियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करने की बात कही। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सफाई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




