Chhattisgarh

कोरबा के महामृत्युंजय मंदिर में 44 वर्षों से जारी ज्योति कलश स्थापना की परंपरा, 11 अक्टूबर से शुरू होगी नवरात्र पूजा

कोरबा, 04 अक्टूबर। निगम कॉलोनी स्थित श्री श्री 108 श्री महामृत्युंजय मंदिर में शारदीय नवरात्र को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। भगवान शिव के महामृत्युंजय स्वरूप को समर्पित यह मंदिर क्षेत्र में आस्था और आध्यात्मिक साधना का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंदिर में पिछले 44 वर्षों से शारदीय नवरात्र के अवसर पर ज्योति कलश स्थापना की परंपरा चली आ रही है।

इसी धार्मिक परंपरा के तहत इस वर्ष 11 अक्टूबर, रविवार को शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के अवसर पर नवरात्र के शुभारंभ के साथ मनोकामना ज्योति कलश स्थापित किए जाएंगे। ज्योति कलश की संख्या सीमित रखी जाएगी। श्रद्धालु इसके लिए पूर्व में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

मंदिर के वर्तमान पुजारी पंडित नागेश्वर पुरी गोस्वामी हैं। वे मंदिर के मुख्य एवं प्रथम पुजारी प्रहलाद पुरी गोस्वामी की तीसरी पीढ़ी से हैं। वे दिगम्बर अखिलेश पुरी महाराज, दशनाम नागा संन्यासी के शिष्य हैं। मंदिर में प्रहलाद पुरी गोस्वामी द्वारा शुरू की गई पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराएं पीढ़ियों से निरंतर निभाई जा रही हैं।

शारदीय नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन शाम 7:30 बजे माता की आरती होगी। नवमी तिथि पर शाम 5 बजे से हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। 19 अक्टूबर, सोमवार को शुक्ल पक्ष नवमी के अवसर पर कन्या पूजन भी होगा।

महामृत्युंजय मंदिर में 44 वर्षों से चली आ रही ज्योति कलश स्थापना की परंपरा नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। मंदिर में दर्शन, आरती, ज्योति कलश स्थापना और हवन-पूर्णाहुति के माध्यम से भक्त धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो सकेंगे।

स्थान: श्री श्री 108 श्री महामृत्युंजय मंदिर, निगम कॉलोनी, कोरबा, छत्तीसगढ़
संपर्क: 7354813647, 7389727625

Related Articles

Back to top button