कोयला कर्मचारियों को बड़ी सौगात, अयोध्या और वाराणसी में मिलेगी हॉलिडे होम की सुविधा

कोरबा। कोयला कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। अब अयोध्या और वाराणसी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा के दौरान उन्हें किफायती दर पर ठहरने की सुविधा मिलेगी। कोल इंडिया ने अपने कर्मचारियों के लिए दोनों शहरों में हॉलिडे होम की व्यवस्था की है। यह सुविधा 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2028 तक उपलब्ध रहेगी।
हॉलिडे होम में एक कमरे के लिए प्रतिदिन 400 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। अयोध्या और वाराणसी दोनों स्थानों पर कर्मचारियों के लिए दो-दो कमरों की व्यवस्था की गई है। अयोध्या में यह सुविधा एमएस रेलवे स्टेशन के पास स्थित कल्याण केंद्र होटल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में उपलब्ध होगी। वहीं वाराणसी में वाराणसी कैंट स्थित एमएस कैटरिंग ग्रैंड में कर्मचारियों के लिए दो कमरे आरक्षित रहेंगे।
कोल इंडिया की इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा के दौरान कम खर्च में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराना है। अयोध्या और वाराणसी देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र हैं और यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में हॉलिडे होम की सुविधा मिलने से कर्मचारियों को आवास की तलाश में होने वाली परेशानी कम होगी।
हॉलिडे होम की बुकिंग के लिए कर्मचारियों को आरक्षण की तारीख से 75 दिन पहले आवेदन करना होगा। नियमों के अनुसार, एक कर्मचारी एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम दो कमरे आवंटित करा सकता है। वहीं किसी एक स्थान पर लगातार तीन दिनों से अधिक समय तक हॉलिडे होम में ठहरने की अनुमति नहीं होगी।
बुक किए गए कमरे को कर्मचारी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर स्थानांतरित नहीं कर सकेगा। इसके अलावा वास्तविक ठहराव की तारीख से कम से कम सात दिन पहले बुकिंग रद्द नहीं करने पर जमा राशि वापस नहीं की जाएगी। इसलिए कर्मचारियों को बुकिंग से पहले अपनी यात्रा की तारीख सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
कोल इंडिया की इस सुविधा से अयोध्या और वाराणसी की यात्रा करने वाले कर्मचारियों को सस्ती और सुविधाजनक आवास व्यवस्था मिल सकेगी। विशेष रूप से परिवार के साथ धार्मिक यात्रा करने वाले कर्मचारियों के लिए 400 रुपए प्रतिदिन की दर पर कमरा उपलब्ध होना काफी राहतभरा कदम माना जा रहा है। यह सुविधा 31 अगस्त 2028 तक प्रभावी रहेगी।




